ऑपरेशन प्रहार: रायपुर में 15 लाख की चोरी का खुलासा, नशे का आदी शातिर चोर गिरफ्तार
देहरादून:
दून पुलिस के “ऑपरेशन प्रहार” के तहत थाना रायपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 15 लाख रुपये की चोरी की वारदात का खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की गई ज्वेलरी, लैपटॉप, घड़ी और 100 अमेरिकी डॉलर का नोट बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 3 जुलाई को शिव गंगा एन्क्लेव, डांडा लखौंड निवासी डॉ. अमर लता ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके घर से सोने-चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान चोरी हो गया है। शिकायत मिलते ही थाना रायपुर में मुकदमा दर्ज कर एसएसपी देहरादून के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, करीब 230 लोगों से पूछताछ की और क्षेत्र में रहने वाले बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन किया। साथ ही पूर्व में चोरी के मामलों में जेल जा चुके अपराधियों की भी जांच की गई। सीसीटीवी फुटेज में मिले एक संदिग्ध के आधार पर पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी रही।

10 जुलाई को पुलिस ने सुमित शर्मा (24 वर्ष) निवासी केदारपुरम एमडीडीए कॉलोनी, देहरादून को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से लगभग 15 लाख रुपये की सोने-चांदी की ज्वेलरी, एक लैपटॉप, Fogg Quartz कंपनी की घड़ी और 100 अमेरिकी डॉलर का नोट बरामद किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी है और अपनी लत पूरी करने के लिए उसने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी वर्ष 2025 में थाना नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में दर्ज चोरी के एक मामले में भी जेल जा चुका है। फिलहाल पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की विस्तृत जांच कर रही है।
दून पुलिस का कहना है कि “ऑपरेशन प्रहार” के तहत चोरी, नशा और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
