DEHRADUNHEALTH NEWS

सेवा सप्ताह के तहत सहसपुर और सहिया में लगे वृहद स्वास्थ्य शिविर, 839 लोगों ने उठाया निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ

देहरादून:

उत्तराखंड सरकार के ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ सेवा सप्ताह के तहत शनिवार को देहरादून जिले के सहसपुर और सहिया में वृहद बहुउद्देशीय स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए। दोनों शिविरों में कुल 839 लोगों ने पंजीकरण कराकर निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श और विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।

सहसपुर में आयोजित शिविर का उद्घाटन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल और विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने शिविर की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। शिविर में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज शर्मा सहित स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

सहसपुर शिविर में 628 लोगों का पंजीकरण हुआ, जिनमें 227 पुरुष और 401 महिलाएं शामिल रहीं। शिविर में 201 लोगों की एनसीडी स्क्रीनिंग, 130 गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच, 138 टीबी जांच, 41 किशोर-किशोरियों की स्वास्थ्य काउंसलिंग, 17 पैथोलॉजी जांच, 27 दिव्यांगजन पंजीकरण, 5 आयुष्मान कार्ड और 21 आभा कार्ड जारी किए गए। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने विभिन्न रोगों की जांच और उपचार संबंधी परामर्श भी दिया।

वहीं, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहिया में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में 211 लोगों ने पंजीकरण कराया। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने 56 फिजिशियन, 31 बाल रोग, 36 नेत्र, 26 ईएनटी, 26 स्त्री रोग, 18 हड्डी रोग और 11 सर्जरी संबंधी मरीजों की जांच की। इसके अलावा 112 लोगों की ब्लड प्रेशर और मधुमेह जांच, 35 किशोरियों की स्वास्थ्य काउंसलिंग, 22 रक्त जांच, 8 अल्ट्रासाउंड और 26 एक्स-रे किए गए।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सेवा सप्ताह के तहत आयोजित इन शिविरों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को एक ही स्थान पर विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। स्थानीय लोगों ने सरकार और स्वास्थ्य विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे शिविर नियमित रूप से आयोजित करने की मांग की।