17 जुलाई को देहरादून आएंगे राहुल गांधी, ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की तैयारियों में जुटी कांग्रेस
देहरादून:
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए उत्तराखंड कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 17 जुलाई को देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्रों और युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पार्टी ने पूर्व और वर्तमान छात्रसंघ अध्यक्षों को अहम जिम्मेदारियां सौंपी हैं।


प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बताया कि राहुल गांधी 17 जुलाई की शाम करीब 5 से 6 बजे के बीच परेड ग्राउंड में छात्रों और युवाओं को संबोधित करेंगे। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम छात्र-युवा मुद्दों पर केंद्रित होगा और इसे गैर-राजनीतिक स्वरूप में आयोजित किया जा रहा है।
गणेश गोदियाल ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक जैसे मामलों ने छात्रों के भविष्य को प्रभावित किया है। राहुल गांधी अपने संबोधन में परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता, पेपर लीक रोकने के उपाय, सरकार की जिम्मेदारी और छात्रों की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा करेंगे। उन्होंने छात्रों से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर अपने विचार रखने और राहुल गांधी का संबोधन सुनने की अपील की।
कार्यक्रम की तैयारियों में जुटे पूर्व डीएवी पीजी कॉलेज छात्रसंघ अध्यक्ष वीरेंद्र पोखरियाल ने बताया कि कांग्रेस ने इस आयोजन में 12 से 15 हजार छात्रों और युवाओं की भागीदारी का लक्ष्य रखा है। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार हो रहे पेपर लीक के मामलों से युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है और राहुल गांधी इन्हीं मुद्दों को प्रमुखता से उठाने देहरादून आ रहे हैं।
कांग्रेस का कहना है कि यह कार्यक्रम छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर संवाद का मंच बनेगा, जहां शिक्षा, रोजगार और परीक्षा व्यवस्था जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी।
