उत्तराखंड में 17 जुलाई तक बारिश का येलो अलर्ट, कई जिलों में भारी वर्षा और वज्रपात की चेतावनी
देहरादून:
उत्तराखंड मौसम विज्ञान केंद्र ने 11 से 17 जुलाई तक के लिए मौसम का ताजा पूर्वानुमान जारी करते हुए राज्यभर में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने इस अवधि के लिए येलो अलर्ट जारी किया है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। पूर्वानुमान के अनुसार कई जिलों में भारी बारिश, तेज गर्जना और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है।
शनिवार को कुमाऊं मंडल के अधिकांश और गढ़वाल मंडल के कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। वहीं रुद्रप्रयाग, चमोली, पौड़ी गढ़वाल, ऊधम सिंह नगर, चंपावत, नैनीताल और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी वर्षा हो सकती है। अन्य पर्वतीय क्षेत्रों में भी तेज से अति तीव्र बारिश के दौर की संभावना जताई गई है।

12 जुलाई (रविवार) को देहरादून, चमोली, रुद्रप्रयाग, नैनीताल, बागेश्वर और चंपावत सहित पर्वतीय जिलों में अनेक स्थानों पर बारिश का अनुमान है, जबकि अन्य पर्वतीय क्षेत्रों में तेज बारिश हो सकती है।
13 जुलाई (सोमवार) को बागेश्वर, चमोली और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा अन्य पर्वतीय जिलों में भी तेज से बहुत तेज वर्षा होने का अनुमान है।
14 जुलाई (मंगलवार) को देहरादून, नैनीताल, चंपावत और पिथौरागढ़ में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में गरज-चमक के साथ बारिश और वज्रपात की संभावना है।
15 जुलाई (बुधवार) को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली और बागेश्वर जिलों में भारी वर्षा हो सकती है, जबकि राज्य के अन्य हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बारिश के साथ कई स्थानों पर तेज वर्षा के दौर जारी रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार 16 और 17 जुलाई को भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। विभाग ने लोगों, विशेषकर पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वालों और यात्रियों से भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से सावधानी बरतने तथा खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।
