MINISTRY OF SPORTSUttrakhand

नई खेल नीति में स्पेशल कैटेगरी खिलाड़ियों को मिलेगा विशेष संरक्षण, रेखा आर्या का बड़ा ऐलान

देहरादून:

उत्तराखंड की खेल मंत्री रेखा आर्या ने घोषणा की है कि प्रदेश की नई खेल नीति में स्पेशल कैटेगरी (विशेष श्रेणी) के खिलाड़ियों के लिए विशेष और ऐतिहासिक प्रावधान किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार इन खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आर्थिक सहायता और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

शनिवार को देहरादून स्थित हिमाद्री आइस रिंक में आयोजित ‘स्पेशल ओलंपिक भारत नेशनल चैंपियनशिप फिगर एंड स्पीड स्केटिंग’ के उद्घाटन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करते हुए खेल मंत्री ने यह घोषणा की। प्रतियोगिता में देश के 11 राज्यों से आए 100 से अधिक विशेष श्रेणी के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।

रेखा आर्या ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि विशेष श्रेणी के खिलाड़ी तमाम शारीरिक और मानसिक चुनौतियों के बावजूद खेल के मैदान में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हैं। ऐसे खिलाड़ियों के जज्बे को सम्मान और प्रोत्साहन मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि इन खिलाड़ियों की जरूरतें सामान्य खिलाड़ियों से अलग होती हैं, इसलिए सरकार नई खेल नीति में उनके लिए अलग और प्रभावी प्रावधान शामिल कर रही है।

खेल मंत्री ने कहा कि अधिकांश राज्यों की खेल नीतियों में विशेष श्रेणी के खिलाड़ियों के लिए अलग व्यवस्था नहीं होती, लेकिन उत्तराखंड इस दिशा में नई पहल करेगा। नई नीति में इन खिलाड़ियों के प्रशिक्षण, आर्थिक सहायता, सुविधाओं और समग्र विकास के लिए स्पष्ट प्रावधान किए जाएंगे।

उन्होंने विश्वास जताया कि हिमाद्री आइस रिंक में प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे कई खिलाड़ी भविष्य में 2029 स्पेशल ओलंपिक्स वर्ल्ड गेम्स में भारत और उत्तराखंड का नाम रोशन करेंगे। सरकार उनके प्रशिक्षण और तैयारी में हर संभव सहयोग देगी।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश मंत्री दीप्ति रावत, इंडियन आइस स्केटिंग फेडरेशन के अध्यक्ष अमिताभ शर्मा, स्पेशल ओलंपिक भारत के क्षेत्रीय निदेशक डीबीएस रावत, बोर्ड सदस्य राजेश्वर सहित खेल विभाग के अधिकारी, कोच, अभिभावक और विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ी मौजूद रहे।