रिया थापा को न्याय दिलाने की मांग तेज, सेवला कलां चौक पर कांग्रेस का हस्ताक्षर अभियान
देहरादून:
देहरादून के सेवला कलां चौक (जीएमएस रोड) पर रिया कुमारी थापा को न्याय दिलाने की मांग को लेकर कांग्रेस की ओर से हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व कांग्रेस के राष्ट्रीय संचार सचिव वैभव वालिया ने किया, जिसमें स्थानीय लोगों, युवाओं, महिलाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लेकर रिया के लिए न्याय की मांग उठाई।

वैभव वालिया ने कहा कि रिया थापा को न्याय मिलने तक यह जनआंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की हर बेटी की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है और किसी भी पीड़ित परिवार को न्याय के लिए भटकना नहीं पड़ना चाहिए। उन्होंने लोगों से इस जन अभियान से जुड़कर इसे और मजबूत बनाने की अपील की।
अभियान के दौरान लोगों ने हस्ताक्षर कर रिया थापा को जल्द न्याय दिलाने और मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। इस दौरान उपस्थित लोगों ने एक स्वर में कहा कि पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय मिलना चाहिए।
हस्ताक्षर अभियान में रिया कुमारी थापा के पिता राजेश मल्ल और परिवार के अन्य सदस्य भी शामिल हुए। रिया की तस्वीर के सामने परिवार द्वारा न्याय की अपील का भावुक दृश्य उपस्थित लोगों को भावुक कर गया। कई लोगों ने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए न्याय दिलाने की मांग दोहराई।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने 17 जुलाई को देहरादून में आयोजित होने वाले राहुल गांधी के कार्यक्रम का भी समर्थन किया और आग्रह किया कि वे रिया कुमारी थापा सहित प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक से प्रभावित युवाओं और छात्रों के मुद्दों को प्रमुखता से उठाएं।
इस अवसर पर कांग्रेस महानगर उपाध्यक्ष अमन सिंह, सारिका प्रधान, हरेंद्र गुसाईं, सोनिया सिंह, सी.पी. सिंह, विकास नेगी, शहजाद अंसारी, मोहम्मद वसीम, नानक चंद सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
