Tourism newsUttrakhand

उत्तराखंड को ग्लोबल टूरिज्म और वेडिंग डेस्टिनेशन बनाने की पहल, 15-16 जुलाई को होगा HINDUSTHAN 2.0 राष्ट्रीय चिंतन शिविर

देहरादून। भारत केसरी

उत्तराखंड को वैश्विक पर्यटन और डेस्टिनेशन वेडिंग हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में 15 और 16 जुलाई 2026 को देहरादून स्थित पुनर्नवा वेलनेस रिजॉर्ट में HINDUSTHAN 2.0 – National Chintan Shivir & Expo का आयोजन किया जाएगा। इस दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन का शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे।

इस वर्ष सम्मेलन की थीम “Wed in Uttarakhand” रखी गई है। आयोजन में देशभर से वेडिंग, इवेंट, पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी उद्योग से जुड़े विशेषज्ञ, नीति-निर्माता, संत समाज, होटल एवं रिजॉर्ट संचालक, ट्रैवल एक्सपर्ट और उद्योग जगत के प्रतिनिधि शामिल होंगे।

 

सम्मेलन में धार्मिक, आध्यात्मिक एवं वेलनेस, ग्रामीण, प्राकृतिक और साहसिक पर्यटन के साथ-साथ डेस्टिनेशन वेडिंग को बढ़ावा देने पर व्यापक मंथन होगा। इसके अलावा ‘दून डिक्लेरेशन’ के तहत “चलो गांव की ओर” संकल्प के माध्यम से पलायन प्रभावित गांवों में होमस्टे, जैविक खेती, स्थानीय हस्तशिल्प, लोककला और पारंपरिक व्यंजनों को पर्यटन से जोड़ने की रणनीति पर भी चर्चा की जाएगी।

15 जुलाई को आयोजित विशेष सत्र “Wed in Uttarakhand” में उत्तराखंड को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर डेस्टिनेशन वेडिंग हब बनाने की कार्ययोजना तैयार की जाएगी। वहीं 16 जुलाई को आयोजित BITA Awards 2026 में पर्यटन और वेडिंग उद्योग में उत्कृष्ट योगदान देने वाली हस्तियों को सम्मानित किया जाएगा।

 

आयोजकों के अनुसार, यह आयोजन केवल एक सम्मेलन नहीं बल्कि उत्तराखंड में पर्यटन आधारित विकास, निवेश, स्थानीय रोजगार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।