CRIME NEWSUttrakhand

₹1.47 करोड़ डिजिटल अरेस्ट साइबर ठगी मामले में STF की बड़ी कार्रवाई, ₹50 लाख का लाभार्थी खाताधारक हरियाणा से गिरफ्तार

देहरादून, भारत केसरी

उत्तराखंड एसटीएफ की साइबर टीम ने 1.47 करोड़ रुपये के चर्चित डिजिटल अरेस्ट साइबर ठगी मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने 50 लाख रुपये के लाभार्थी खाताधारक और गैर-जमानती वारंटी भूपिंदर सिंह को हरियाणा के अंबाला जिले से गिरफ्तार किया है।

 

एसटीएफ के अनुसार, वर्ष 2025 में रूहेलखंड विश्वविद्यालय की सेवानिवृत्त कुलपति और नैनीताल निवासी वरिष्ठ नागरिक महिला को महाराष्ट्र साइबर क्राइम अधिकारी बनकर ठगों ने व्हाट्सएप कॉल के जरिए 12 दिनों तक डिजिटल अरेस्ट में रखा। मनी लॉन्ड्रिंग के नाम पर 60 करोड़ रुपये के फर्जी लेनदेन का डर दिखाकर उनसे विभिन्न खातों में कुल 1.47 करोड़ रुपये ट्रांसफर करा लिए गए।

जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी के बैंक खाते में साइबर ठगी की 50 लाख रुपये की रकम ट्रांसफर हुई थी। तकनीकी विश्लेषण, डिजिटल साक्ष्यों और लगातार निगरानी के आधार पर एसटीएफ की साइबर टीम ने आरोपी को हरियाणा के अंबाला से गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में इससे पहले तीन अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

एसटीएफ ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, वीडियो कॉल या व्हाट्सएप पर खुद को पुलिस, सीबीआई, ईडी या किसी सरकारी एजेंसी का अधिकारी बताकर “डिजिटल अरेस्ट” करने की बात कही जाए तो उस पर विश्वास न करें और तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराएं।