समाधान दिवस में उमड़ा फरियादियों का सैलाब, 176 शिकायतें दर्ज; बुजुर्गों के उत्पीड़न, अवैध कब्जों और घरेलू हिंसा पर प्रशासन सख्त
देहरादून,
भारत केसरी
देहरादून कलेक्ट्रेट में आयोजित समाधान दिवस में सोमवार को जनता की समस्याओं का अंबार देखने को मिला। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) के.के. मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में महज चार घंटे के भीतर 176 शिकायतें दर्ज की गईं।
भूमि विवाद, अवैध कब्जे, घरेलू हिंसा, बुजुर्गों के उत्पीड़न, आर्थिक सहायता और जनसुविधाओं से जुड़े मामलों पर प्रशासन ने गंभीरता दिखाते हुए अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया। शेष मामलों में संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
समाधान दिवस में बुजुर्गों और महिलाओं के उत्पीड़न के कई संवेदनशील मामले सामने आए। विधवा महिलाओं की संपत्ति पर कब्जे, घरेलू हिंसा और दहेज उत्पीड़न की शिकायतों पर प्रशासन ने एसडीएम और पुलिस अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
वहीं, जमीन की धोखाधड़ी, सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे और रजिस्ट्री में फर्जीवाड़े की शिकायतों पर पैमाइश और जांच के आदेश जारी किए गए। इसके अलावा आंगनबाड़ी केंद्र का सामान वापस दिलाने, शीला शेर मोटर मार्ग पर पुल निर्माण में तेजी लाने, सिंचाई योजनाओं और ग्रामीण विकास कार्यों को भी प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए गए।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभागों को तय समय सीमा में शिकायतों के निस्तारण के निर्देश दिए गए।
