ऑपरेशन प्रहार: रायपुर फायरिंग का ₹15 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार, घटना में इस्तेमाल तमंचा भी बरामद
देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत थाना रायपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रायपुर क्षेत्र में हुई फायरिंग की घटना में फरार चल रहे ₹15 हजार के इनामी आरोपी ओमप्रकाश उर्फ ओमपाल उर्फ कपिल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया 315 बोर का देशी तमंचा भी बरामद किया गया है।


पुलिस के अनुसार, 3 जुलाई 2026 की रात करीब 9 बजे रिंग रोड स्थित शराब के ठेके के बाहर पुरानी रंजिश को लेकर कुछ हमलावरों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी थी। इस दौरान नवीन राणा के कंधे में गोली लगी, जबकि वहां से गुजर रहे कमेंद्र शर्मा के पैर में भी गोली लगी। दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
घटना के संबंध में दिवाकर खंडूड़ी की शिकायत पर थाना रायपुर में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन कर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। पुलिस ने पहले ही इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
जांच के दौरान मिले साक्ष्यों से पता चला कि वारदात में ओमप्रकाश उर्फ ओमपाल उर्फ कपिल भी शामिल था। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी लगातार फरार चल रहा था, जिसके चलते एसएसपी ने उस पर ₹15 हजार का इनाम घोषित किया था।
लगातार की जा रही सुरागरसी और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने 12 जुलाई को सिक्यूआई रायपुर के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त 315 बोर का देशी तमंचा भी बरामद कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान ओमप्रकाश उर्फ ओमपाल उर्फ कपिल पुत्र जयप्रकाश, निवासी ग्राम मंडौरी, थाना नेहटौर, जिला बिजनौर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
देहरादून पुलिस ने कहा कि ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
