MDDA की सीलिंग के दौरान बवाल, मारपीट करने वाले 4 लोग गिरफ्तार
देहरादून। डालनवाला क्षेत्र में एमडीडीए (MDDA) की सीलिंग कार्रवाई के दौरान दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। मौके पर मौजूद पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए एक महिला समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, सोमवार को कृष्णा कॉलोनी (कोरोनेशन अस्पताल के पीछे वाली गली) में एमडीडीए की टीम पुलिस बल की मौजूदगी में सीलिंग की कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान दो पक्ष एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाने लगे। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई।
मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने और सार्वजनिक स्थान पर मारपीट करने लगे। इससे क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका उत्पन्न हो गई।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए डालनवाला पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 126/135/170 के तहत कार्रवाई करते हुए एक महिला सहित चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान अनुराधा सिंह (35), चंद्र प्रताप सिंह (19), राजीव यादव (29) और सागर कुमार (30) के रूप में हुई है।
पुलिस ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर कानून व्यवस्था भंग करने और हुड़दंग करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
