हरेला पर देहरादून नगर निगम का बड़ा अभियान, 5 लाख तक सब्जी के पौधे और 70 हजार पौधों का होगा वितरण
देहरादून: उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला के अवसर पर नगर निगम देहरादून ने पर्यावरण संरक्षण और पोषण को बढ़ावा देने के लिए एक माह का विशेष पौधारोपण अभियान शुरू करने की घोषणा की है। “मिशन पोषण संकल्प” के तहत शहरभर में चार से पांच लाख सब्जियों के पौधों का वितरण किया जाएगा, जबकि 70 हजार फलदार, चारा एवं अन्य प्रजातियों के पौधों का रोपण और वितरण भी किया जाएगा।
नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडेय ने बुधवार को नगर निगम परिसर में आयोजित बैठक में अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने पार्कों, अतिक्रमण मुक्त भूमि और सार्वजनिक स्थलों पर बड़े स्तर पर पौधारोपण की जिम्मेदारियां भी तय कीं।

डोर-टू-डोर पहुंचेंगे सब्जियों के पौधे
नगर निगम के अनुसार, 16 जुलाई से स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के माध्यम से शहर के वार्डों में डोर-टू-डोर सब्जियों के पौधों का वितरण किया जाएगा। यह वितरण स्थानीय पार्षदों के समन्वय से होगा, ताकि अधिक से अधिक परिवारों को मिशन पोषण संकल्प से जोड़ा जा सके।
स्कूलों और आंगनबाड़ियों में सहजन के पौधे
अभियान के तहत विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में सहजन (मोरिंगा) के पौधे लगाए जाएंगे। वहीं सार्वजनिक स्थलों, पार्कों और चिन्हित हरित क्षेत्रों में जनभागीदारी के साथ व्यापक पौधारोपण किया जाएगा। लगाए गए सभी पौधों की जीपीएस मैपिंग और ग्रीन रजिस्टर में पंजीकरण भी किया जाएगा, ताकि उनके संरक्षण और नियमित निगरानी की जा सके।
गढ़वाल राइफल्स के साथ होगा विशेष पौधारोपण
नगर निगम, गढ़वाल राइफल्स के सहयोग से अतिक्रमण मुक्त भूमि पर भी बड़े पैमाने पर पौधारोपण करेगा। इन पौधों के संरक्षण और रखरखाव की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी।
एक माह तक चलेगा अभियान
नगर निगम का विशेष अभियान 16 जुलाई से एक माह तक चलेगा। इस दौरान स्कूलों, आंगनबाड़ियों, पार्कों, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों (RWA), व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और सार्वजनिक स्थलों पर पौधारोपण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अभियान का प्रमुख कार्यक्रम
- 16 जुलाई: स्वयं सहायता समूहों द्वारा डोर-टू-डोर पौध वितरण
- 17 जुलाई: स्कूल एवं आंगनबाड़ी परिसरों में पौधारोपण
- 18 जुलाई: नगर निगम परिसर एवं पार्कों में पौधारोपण
- 20 जुलाई: आरडब्ल्यूए क्षेत्रों में पौधारोपण
- 21 जुलाई: व्यावसायिक प्रतिष्ठानों एवं सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता अभियान और पौध वितरण
- 22 जुलाई: गढ़वाल राइफल्स के सहयोग से अतिक्रमण मुक्त भूमि पर पौधारोपण
- 23 जुलाई: चिन्हित स्थलों पर बड़े स्तर पर वृक्षारोपण
चिन्हित प्रमुख स्थल
तपोवन (आमवाला), सहस्रधारा वर्कशॉप, मंदाकिनी विहार, नालापानी (नदी किनारे), शीशमबाड़ा प्लांट और देहराखास सहित कई स्थानों पर विशेष पौधारोपण किया जाएगा।
नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडेय ने कहा कि “हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति संरक्षण का जनआंदोलन है। यदि प्रत्येक नागरिक एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प ले, तो देहरादून को और अधिक हरित, स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल बनाया जा सकता है।”
