हरेला पर विधायक आशा नौटियाल ने किया फलदार पौधों का रोपण, हरित उत्तराखंड का दिया संदेश
रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति और पर्यावरण संरक्षण के प्रतीक हरेला पर्व के अवसर पर केदारनाथ विधानसभा की विधायक आशा नौटियाल ने ऊखीमठ के जैबीरी क्षेत्र में फलदार पौधों का रोपण कर हरित उत्तराखंड का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

विधायक आशा नौटियाल ने कहा कि हरेला केवल एक पारंपरिक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी आस्था, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का जीवंत उत्सव है। उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत में प्रकृति संरक्षण की परंपरा सदियों पुरानी है और हरेला इस परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया ‘एक वृक्ष मां के नाम’ अभियान पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में जनभागीदारी को नई दिशा दे रहा है। यह अभियान केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों को पौधों के संरक्षण और संवर्धन के लिए भी प्रेरित करता है।
आशा नौटियाल ने कहा कि वृक्ष पर्यावरण संतुलन बनाए रखने, जल स्रोतों के संरक्षण, स्वच्छ वायु उपलब्ध कराने और आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित भविष्य देने का आधार हैं। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प ले, तो उत्तराखंड को और अधिक हरित, स्वच्छ और समृद्ध बनाया जा सकता है।
उन्होंने क्षेत्रवासियों से हरेला पर्व के अवसर पर अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील करते हुए पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष एवं जिला पंचायत सदस्य भारत भूषण भट्ट, नगर पंचायत अध्यक्ष कुब्जा धर्मवान, प्रभारी सतीश लखेड़ा, ज्येष्ठ प्रमुख राकेश नेगी, कनिष्ठ प्रमुख प्रदीप त्रिवेदी, जिला उद्यान अधिकारी राजेश जसोला, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
