देहरादून में लाउडस्पीकरों पर दून पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 43 धार्मिक स्थलों से हटवाए ध्वनि विस्तारक यंत्र
देहरादून। ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण और सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के शत-प्रतिशत अनुपालन के लिए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर दून पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान निर्धारित मानकों से अधिक ध्वनि में संचालित हो रहे लाउडस्पीकरों को 43 धार्मिक स्थलों से हटवाया गया।

पुलिस ने उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम के साथ जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में धार्मिक स्थलों पर लगे ध्वनि विस्तारक यंत्रों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान बिना अनुमति अथवा निर्धारित ध्वनि सीमा का उल्लंघन कर संचालित किए जा रहे लाउडस्पीकरों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
पुलिस टीमों ने संबंधित प्रबंधन एवं जिम्मेदार व्यक्तियों को निर्देश दिए कि भविष्य में सक्षम अनुमति प्राप्त किए बिना तथा निर्धारित ध्वनि मानकों का पालन किए बिना लाउडस्पीकरों का संचालन न किया जाए।
अभियान के दौरान लोगों को ध्वनि प्रदूषण (विनियमन एवं नियंत्रण) नियमों, माननीय सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों तथा शासन के निर्देशों के बारे में जागरूक भी किया गया। पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी कि भविष्य में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों एवं संस्थानों के विरुद्ध प्रचलित अधिनियमों और नियमों के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
दून पुलिस ने कहा कि जनपद में सार्वजनिक शांति, कानून व्यवस्था और ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण सुनिश्चित करने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
