DEHRADUN

हरेला पर नगर निगम देहरादून का हरित संकल्प, 5 लाख सब्जी के पौधों के वितरण अभियान का शुभारंभ

देहरादून। उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला के अवसर पर नगर निगम देहरादून ने “हरित देहरादून – स्वच्छ देहरादून” अभियान का शुभारंभ किया। नगर निगम परिसर में आयोजित कार्यक्रम में महापौर सौरभ थपलियाल और नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडेय ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर “मिशन पोषण संकल्प” के तहत लाखों सब्जी के पौधों के वितरण अभियान की भी शुरुआत की गई।

महापौर सौरभ थपलियाल ने कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी और आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित भविष्य का संकल्प है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि प्रत्येक व्यक्ति एक पौधा लगाने के साथ उसके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाए, ताकि देहरादून को पर्यावरण अनुकूल शहर बनाया जा सके।

नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडेय ने बताया कि मिशन पोषण संकल्प के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के माध्यम से नगर निगम क्षेत्र के सभी वार्डों में पार्षदों के सहयोग से घर-घर लगभग 4 से 5 लाख सब्जियों के पौधों का वितरण किया जाएगा। इसका उद्देश्य प्रत्येक परिवार को पोषणयुक्त किचन गार्डन विकसित करने के लिए प्रेरित करना है।

उन्होंने बताया कि अभियान के अगले चरण में विद्यालयों और आंगनबाड़ियों में सहजन (मोरिंगा) के पौधे लगाए जाएंगे। इसके अलावा पार्कों, सार्वजनिक स्थलों, अतिक्रमण मुक्त भूमि और अन्य चिन्हित स्थानों पर करीब 70 हजार फलदार, छायादार और चारा प्रजाति के पौधों का रोपण एवं वितरण किया जाएगा।

नगर निगम ने जानकारी दी कि लगाए जाने वाले सभी पौधों की जीपीएस मैपिंग की जाएगी और उन्हें ग्रीन रजिस्टर में दर्ज कर नियमित निगरानी एवं संरक्षण सुनिश्चित किया जाएगा।

महापौर ने सभी पार्षदों से अपने-अपने वार्डों में जनभागीदारी बढ़ाने और पौधारोपण अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया। वहीं नगर निगम ने नागरिकों, सामाजिक संगठनों, विद्यालयों, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों और स्वयं सहायता समूहों से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की। निगम के अनुसार “हरित देहरादून – स्वच्छ देहरादून” अभियान आगामी एक माह तक शहर के विभिन्न क्षेत्रों में चरणबद्ध तरीके से संचालित किया जाएगा।