देहरादून में मतदाता सूची सुधार का मौका, 13 अगस्त तक दर्ज कराएं दावे और आपत्तियां
देहरादून। देहरादून जनपद में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत प्रारूप मतदाता सूची (ड्राफ्ट रोल) प्रकाशित कर दी गई है। निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची में नाम, पता या अन्य विवरण संबंधी त्रुटियों को सुधारने के लिए मतदाताओं को 13 अगस्त 2026 तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराने का अवसर दिया है।

गुरुवार को जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान और उप जिला निर्वाचन अधिकारी अभिनव शाह की अध्यक्षता में नगर निगम सभागार में सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ERO) और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (AERO) को इस संबंध में प्रशिक्षण दिया गया।
निर्वाचन आयोग के अनुसार प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में ERO और AERO कार्यालय स्थापित किए जाएंगे। जिन मतदाताओं के विवरण में विसंगतियां हैं या जिनकी मैपिंग नहीं हो सकी है, उन्हें सुनवाई से कम से कम सात दिन पहले नोटिस जारी किया जाएगा। मतदाताओं को निर्वाचन आयोग द्वारा मान्य 11 दस्तावेजों में से किसी एक के माध्यम से अपना दावा प्रस्तुत करना होगा। सुनवाई के बाद संबंधित अधिकारी डिजिटल माध्यम से अपनी रिपोर्ट दर्ज करेंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने अधिकारियों को विधानसभा और बूथवार विसंगतियों की सूची तैयार करने, नोटिस प्राप्ति की रसीद सुरक्षित रखने तथा सभी सुनवाई केंद्रों पर पेयजल, फर्नीचर, शौचालय, बिजली बैकअप और बेहतर नेटवर्क जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रकाशित ड्राफ्ट रोल के अनुसार देहरादून जिले में कुल 11,90,805 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 9,369 सर्विस मतदाता और 10,130 दिव्यांग मतदाता शामिल हैं।
निर्वाचन आयोग की समय-सारणी के अनुसार:
- दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराने की अवधि: 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026
- आपत्तियों के निस्तारण की अंतिम तिथि: 11 सितंबर 2026
- अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन: 15 सितंबर 2026
जिला निर्वाचन अधिकारी ने पात्र नागरिकों से अपील की है कि यदि उनका नाम मतदाता सूची में छूट गया है या किसी प्रकार की त्रुटि है, तो निर्धारित अवधि के भीतर आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन कर समय रहते उसका सुधार करा लें।
