CM UTTRAKHANDUttrakhand

हर्रावाला रेलवे स्टेशन राष्ट्र को समर्पित, पीएम मोदी ने किया लोकार्पण; सीएम धामी बोले— विकसित भारत को मिलेगी नई गति

देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर में पुनर्विकसित 75 रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण किया। इसी क्रम में देहरादून के हर्रावाला रेलवे स्टेशन को भी राष्ट्र को समर्पित किया गया। इस अवसर पर उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लगभग 19 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकसित हर्रावाला रेलवे स्टेशन राज्य के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि स्टेशन का डिजाइन दून घाटी की प्राकृतिक सुंदरता और उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत को दर्शाता है। परिसर में पारंपरिक ऐपण कला को शामिल कर आधुनिकता और संस्कृति का सुंदर समन्वय किया गया है, जबकि आधुनिक यात्री सुविधाएं सफर को अधिक सुरक्षित, सुगम और आरामदायक बनाएंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेलवे तेजी से आधुनिक हो रही है। रेलवे नेटवर्क के विस्तार, सुरक्षा और तकनीकी उन्नयन के साथ वंदे भारत और नमो भारत जैसी स्वदेशी आधुनिक ट्रेनें देश की नई पहचान बन रही हैं।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों तक रेल पहुंचाने का सपना भी तेजी से साकार हो रहा है। ऋषिकेश–कर्णप्रयाग रेल परियोजना का 75 प्रतिशत से अधिक कार्य पूरा हो चुका है, जिससे राज्य के सामाजिक, आर्थिक और पर्यटन विकास को नई गति मिलेगी। साथ ही उत्तराखंड को मिली दो वंदे भारत ट्रेनों से प्रदेश आने वाले यात्रियों और पर्यटकों को भी बेहतर सुविधा मिल रही है।

सीएम धामी ने बताया कि केंद्र सरकार ने इस वर्ष उत्तराखंड को रेलवे अवसंरचना विकास के लिए रिकॉर्ड 4,769 करोड़ रुपये का रेल बजट आवंटित किया है। वहीं प्रदेश में 39,491 करोड़ रुपये से अधिक की रेलवे परियोजनाओं पर कार्य प्रगति पर है। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उत्तराखंड के प्रति विशेष प्रतिबद्धता का प्रमाण बताया।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि पुनर्विकसित हर्रावाला रेलवे स्टेशन प्रदेश की विकास यात्रा में महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा और विकसित भारत के संकल्प के साथ विकसित उत्तराखंड के लक्ष्य को भी नई मजबूती देगा।

इस अवसर पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त), जनप्रतिनिधि, भारतीय रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, राज्य सरकार के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।