DEHRADUNUttrakhand

देहरादून में सजी शायरी और कविता की महफ़िल

देहरादून: राजधानी देहरादून में शनिवार को साहित्य और संस्कृति का खूबसूरत संगम देखने को मिला। उत्तराखंड की अग्रणी सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्था रंगायन एसोसिएशन के दो दिवसीय रंगोत्सव का शुभारंभ प्रदेश के स्वास्थ्य एवं वन मंत्री सुबोध उनियाल और कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

कार्यक्रम में रंगायन एसोसिएशन की स्मारिका का भी विमोचन किया गया। रंगोत्सव के पहले दिन आयोजित कवि सम्मेलन और मुशायरे की अध्यक्षता वरिष्ठ शायर ज़िया बदरुद्दीन ने की, जबकि संचालन साहित्यकार और शायर सुनील साहिल ने किया।

 

कार्यक्रम में वरिष्ठ साहित्यकार डॉली डबराल ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं की खूब सराहना बटोरी। वरिष्ठ कवि सतीश बंसल ने अपनी कविता से सभागार में उत्साह का माहौल बनाया, वहीं युवा शायर अमजद खान ‘अमजद’ ने अपनी ग़ज़लों, शेरों और नज़्मों से दर्शकों को देर तक बांधे रखा।

 

रंगायन एसोसिएशन का कहना है कि इस तरह के आयोजन साहित्य, भाषा और सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। दो दिवसीय रंगोत्सव के दूसरे दिन भी विभिन्न सांस्कृतिक और साहित्यिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।