CrimeUttrakhand

उत्तराखण्ड STF का बड़ा एक्शन: बाजपुर में नकली दवाइयों की फैक्ट्री का भंडाफोड़, लाखों की जीवनरक्षक दवाइयाँ और अवैध शराब बरामद

देहरादून। भारत केसरी

उत्तराखण्ड स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले एक बड़े नकली दवा सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है। एसटीएफ और औषधि प्रशासन विभाग की संयुक्त टीम ने ऊधमसिंहनगर के बाजपुर स्थित कोविल बायोटैक पर छापेमारी कर बिना वैध लाइसेंस के नामी कंपनियों के नाम पर बनाई जा रही नकली एलोपैथिक दवाइयों का भंडाफोड़ किया। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

एसटीएफ के अनुसार गिरफ्तार आरोपी धीरेन्द्र पुत्र ब्रहम सिंह, निवासी बुलंदशहर (उत्तर प्रदेश) आयुर्वेदिक एवं फूड लाइसेंस की आड़ में STADMED, Macleods, Intas, Sun Pharma समेत कई प्रतिष्ठित कंपनियों के नाम से नकली दवाइयों का निर्माण और पैकेजिंग कर बाजार में सप्लाई कर रहा था।

 

छापेमारी में करीब 1 लाख टैबलेट और 15 हजार सिरप की बोतलें बरामद हुई हैं। इनमें एंटीबायोटिक, दर्द निवारक, एंटासिड, प्रोस्टेट, कैल्शियम, विटामिन और आयरन सप्लीमेंट जैसी जीवनरक्षक दवाइयां शामिल हैं।

 

आरोपी की निशानदेही पर एनएच-74 स्थित गोदाम की तलाशी में भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब, आबकारी होलोग्राम, शराब की पैकिंग सामग्री, नकली दवाइयों के लेबल, फॉयल और पैकेजिंग मशीनें भी बरामद की गईं। पूछताछ में आरोपी ने हरियाणा से अवैध शराब मंगाकर उत्तराखण्ड में सप्लाई करने की बात भी स्वीकार की है।

 

एसटीएफ ने आरोपी के खिलाफ थाना बाजपुर में औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम-1940, भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं तथा उत्तराखण्ड आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों और पूरे नेटवर्क की तलाश जारी है।

 

एसटीएफ ने कहा कि जनस्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जाएगा।