मसूरी में शांति भंग करने वालों पर पुलिस का शिकंजा,7 युवक गिरफ्तार
देहरादून: मसूरी में सार्वजनिक स्थान पर मारपीट और हुड़दंग करने वाले 7 युवकों को दून पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एसएसपी देहरादून के निर्देश पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत की गई।

पुलिस के अनुसार, रविवार को कंट्रोल रूम 112 के माध्यम से मसूरी के दो अलग-अलग स्थानों पर युवकों के बीच विवाद और मारपीट की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे शांत होने के बजाय आपस में मारपीट करते रहे।

शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के कुल 7 युवकों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए युवक दिल्ली और बिजनौर के निवासी हैं।
दून पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग, मारपीट और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ “ऑपरेशन प्रहार” के तहत आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
