पंडितवाड़ी में राम प्रसाद डोभाल सेवार्थ ट्रस्ट के दंत चिकित्सा अस्पताल का शुभारंभ
देहरादून: राजधानी देहरादून के पंडितवाड़ी क्षेत्र में स्वर्गीय हिंदी साहित्यकार एवं कवि राम प्रसाद डोभाल की स्मृति में स्थापित राम प्रसाद डोभाल सेवार्थ ट्रस्ट के तत्वावधान में दंत चिकित्सा अस्पताल का उद्घाटन किया गया। अस्पताल का शुभारंभ उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना और देहरादून के महापौर सौरभ थपलियाल ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि लोग अक्सर दांतों की सेहत को नजरअंदाज कर देते हैं, जबकि अस्वस्थ दांत शरीर की कई गंभीर बीमारियों का कारण बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि “स्वस्थ दांत सौ बीमारियों को दूर रखते हैं”, इसलिए नियमित दंत जांच और समय पर उपचार बेहद जरूरी है।
धस्माना ने बताया कि आधुनिक दंत चिकित्सा में अब खराब दांत को निकालने के बजाय उसे बचाने पर अधिक जोर दिया जाता है। रूट कैनाल, डेंटल इम्प्लांट जैसी आधुनिक तकनीकों के माध्यम से मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने अस्पताल की निदेशिका डॉ. युक्ति डोभाल को शुभकामनाएं देते हुए मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं देने की कामना की।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि महापौर सौरभ थपलियाल ने कहा कि स्वास्थ्य और शिक्षा समाज सेवा के सबसे महत्वपूर्ण क्षेत्र हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि डॉ. युक्ति डोभाल के नेतृत्व में यह अस्पताल प्रदेशभर के लोगों को बेहतर दंत चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराएगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वर्गीय राम प्रसाद डोभाल के पुत्र अनुज डोभाल ने की। इस दौरान पार्षद अभिषेक तिवारी, कांग्रेस महामंत्री जगदीश धीमान, पूर्व पार्षद राजेश पुंडीर सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
