Uttrakhand

अंबरीश कुमार की सादगी और जनसेवा को किया नमन, पांचवीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित

हरिद्वार। भारत केसरी

पूर्व विधायक स्वर्गीय अंबरीश कुमार की पांचवीं पुण्यतिथि पर मंगलवार को अंबरीश कुमार विचार मंच की ओर से श्रद्धांजलि समारोह एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राजनीतिक, सामाजिक और बौद्धिक जगत से जुड़े लोगों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके व्यक्तित्व, कृतित्व और जनसेवा के योगदान को याद किया।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एआईसीसी सदस्य एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि अंबरीश कुमार ने हमेशा जनता की आवाज़ को मजबूती से उठाया और उनके सिद्धांत आज भी नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि अंबरीश कुमार साढ़े चार दशकों तक हरिद्वार की राजनीति की धुरी रहे और गरीब, वंचित एवं हर वर्ग के लोगों के सुख-दुख में मजबूती से खड़े रहे। धस्माना ने कहा कि उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब समाज धर्मनिरपेक्षता, सामाजिक न्याय और जनहित के मूल्यों को आगे बढ़ाए।

 

वरिष्ठ नेता अशोक त्रिपाठी ने कहा कि अंबरीश कुमार ने राजनीति को हमेशा जनसेवा का माध्यम माना और जीवनभर जनहित के मुद्दों पर संघर्ष किया। संजय पालीवाल और पुरुषोत्तम शर्मा ने उनकी सादगी, सहजता और कार्यशैली को उनकी सबसे बड़ी पहचान बताया।

 

जिला महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमन गर्ग और वरुण बालियान ने कहा कि अंबरीश कुमार लोकतांत्रिक मूल्यों के सच्चे प्रहरी थे। वहीं डॉ. सत्यनारायण सचान ने कहा कि उन्होंने समाज के हर वर्ग को साथ लेकर विकास की राजनीति की।

 

स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष मुरली मनोहर और प्रदेश महासचिव अवधेश पंत ने कहा कि उनके विचारों को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। संतोष चौहान ने जनसेवा के प्रति उनके समर्पण को याद किया, जबकि ओपी चौहान और महेश प्रताप राणा ने कहा कि अंबरीश कुमार का जीवन सामाजिक सरोकारों और जनसंघर्षों का प्रतीक था, जिससे युवाओं को प्रेरणा लेनी चाहिए।

 

कार्यक्रम का संचालन अमन गर्ग ने किया। इस अवसर पर महंत जगजीत सिंह शास्त्री, इसरार सलमानी, गोपाल नारसन, इरफान अंसारी, योगी रजनीश कुमार, राजीव भार्गव, तरुण व्यास, पार्षद सोहित सेठी, हिमांशु गुप्ता, नोमान अंसारी सहित बड़ी संख्या में सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 

श्रद्धांजलि सभा के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने स्वर्गीय अंबरीश कुमार के बताए मार्ग पर चलने, लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने और जनहित के मुद्दों को निरंतर उठाने का संकल्प लिया।