देहरादून में 30 लाख की हाई-प्रोफाइल ड्रग्स बरामद, सहारनपुर का तस्कर गिरफ्तार सबहेडिंग:
देहरादून, 22 जुलाई।
एसएसपी देहरादून के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत रायपुर थाना पुलिस ने हाई-प्रोफाइल ड्रग्स तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 48.55 ग्राम एमडीएमए (MDMA) और 40.75 ग्राम स्मैक बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान दानिश पुत्र नजीर अहमद (32 वर्ष), निवासी ग्राम नागल, थाना नागल, सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, गोपनीय सूचना के आधार पर रायपुर क्षेत्र के अरण्य विहार में देर रात चेकिंग के दौरान आरोपी को एक खाली प्लॉट के पास से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि वह यह मादक पदार्थ सहारनपुर से खरीदकर देहरादून लाया था, जहां इसे हाई-प्रोफाइल पार्टियों में सप्लाई करने की योजना थी।
आरोपी के खिलाफ थाना रायपुर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/22 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पूछताछ में सामने आए अन्य तस्करों की तलाश में पुलिस की कार्रवाई जारी है।
दून पुलिस ने कहा कि मुख्यमंत्री के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” विजन के तहत नशा तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
