DEHRADUNUttrakhand

नंदा की चौकी पुल पर मंत्री सतपाल महाराज का बड़ा बयान

देहरादून। देहरादून के प्रेमनगर स्थित नंदा की चौकी के पास टौंस नदी पर बने नए पुल के एप्रोच मार्ग के धंसने के मामले में लोक निर्माण मंत्री सतपाल महाराज ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि पुल का मुख्य स्ट्रक्चर पूरी तरह सुरक्षित है और क्षति केवल एप्रोच रोड तक सीमित है।

 

मंत्री सतपाल महाराज के अनुसार, भारी बारिश के कारण रिटर्न वॉल के एप्रोच में भरी गई मिट्टी के भीतर से पानी निकलने की वजह से एप्रोच रोड के नीचे कैविटी (खोखलापन) बन गई, जिससे सड़क का एक हिस्सा धंस गया। उन्होंने बताया कि विभागीय अधिकारियों को तत्काल मरम्मत के निर्देश दे दिए गए हैं और मौके पर बुलडोजर व लोक निर्माण विभाग (PWD) की टीमें तेजी से बहाली कार्य में जुटी हुई हैं।

लोक निर्माण मंत्री ने बताया कि उन्होंने लोक निर्माण विभाग के सचिव और प्रमुख अभियंता को निर्देश दिए हैं कि एप्रोच मार्ग को शीघ्र दुरुस्त कर पुल को दोबारा यातायात के लिए खोल दिया जाए। उनका कहना है कि पुल के मुख्य स्ट्रक्चरल डिजाइन में किसी प्रकार की क्षति नहीं हुई है और इसे सुरक्षित घोषित किया गया है।

 

गौरतलब है कि लगातार हो रही भारी बारिश के बाद एप्रोच रोड का हिस्सा धंसने से इस पुल की निर्माण गुणवत्ता को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। हालांकि सरकार का कहना है कि समस्या केवल पहुंच मार्ग पर आई है, पुल के ढांचे पर कोई खतरा नहीं है।