CRIME NEWSUttrakhand

₹1.45 करोड़ की साइबर ठगी की रकम बचाने में STF को बड़ी सफलता

देहरादून। उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक पीड़ित के ₹1.45 करोड़ से अधिक की रकम समय रहते सुरक्षित करा दी। राष्ट्रीय वित्तीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत मिलते ही कंट्रोल रूम की टीम ने संबंधित बैंकों से तत्काल समन्वय स्थापित कर ठगी की गई राशि को फ्रीज करा दिया।

 

एसटीएफ के अनुसार, 27 जुलाई 2026 को ऊधमसिंहनगर जनपद के दिनेशपुर निवासी स्वरूप सिंह ने शिकायत दर्ज कराई कि साइबर अपराधियों ने बैंकिंग आईडी दोबारा सक्रिय करने के नाम पर ई-सिम जारी कराने का झांसा देकर उनके साथ ₹1,51,06,100 की साइबर धोखाधड़ी की। शिकायत मिलते ही 1930 हेल्पलाइन टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए ₹1,45,82,750 की धनराशि सुरक्षित (होल्ड) करा दी।

 

एसटीएफ ने बताया कि जुलाई 2026 में एक माह से भी कम समय में 1930 साइबर हेल्पलाइन के माध्यम से प्रदेशभर के साइबर अपराध पीड़ितों के लगभग ₹4 करोड़ सुरक्षित कराए जा चुके हैं।

 

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, एसटीएफ ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति के साथ अपना OTP, PIN, UPI PIN, बैंक खाता या एटीएम कार्ड साझा न करें। डिजिटल अरेस्ट, पुलिस, CBI या ED अधिकारी बनकर डराने वाले, फर्जी निवेश योजनाओं का लालच देने वाले तथा संदिग्ध लिंक भेजने वाले साइबर ठगों से सतर्क रहें। किसी भी वित्तीय साइबर अपराध की स्थिति में तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कर निकटतम साइबर थाना या पुलिस से संपर्क करें।