CRIME NEWSDEHRADUNUttrakhand

ड्रग्स फ्री देवभूमि’ अभियान में बड़ी कार्रवाई: मेडिकल स्टोर संचालक गिरफ्तार, ट्रामाडोल के 112 नशीले कैप्सूल बरामद

देहरादून: भारत केसरी

उत्तराखंड एसटीएफ/एएनटीएफ और थाना सहसपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए धर्मावाला चौक स्थित एक मेडिकल स्टोर पर छापा मारकर ट्रामाडोल युक्त 112 नशीले कैप्सूल बरामद किए हैं। मामले में मेडिकल स्टोर संचालक जोनी सैनी (37 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया है।

 

एसटीएफ के अनुसार, 28 जुलाई की देर रात सहसपुर और विकासनगर क्षेत्र में मेडिकल स्टोरों की संयुक्त जांच के दौरान सांई मेडिकल स्टोर का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान दुकान के गल्ले के नीचे रखे एक प्लास्टिक कंटेनर से SPASMED ब्रांड के ट्रामाडोल युक्त 14 पत्ते (112 कैप्सूल) बरामद हुए।

 

जब मेडिकल स्टोर संचालक से इन कैप्सूलों के खरीद-बिक्री से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए तो वह कोई रिकॉर्ड प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह नशा करने वाले लोगों को फुटकर में ये कैप्सूल बेचकर अवैध लाभ कमाता था।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सहसपुर में धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही पूछताछ में सामने आए अन्य लोगों और नशीले कैप्सूलों की सप्लाई चेन की भी जांच शुरू कर दी गई है।

 

एसएसपी एसटीएफ ने आमजन से अपील की है कि नशे से दूर रहें और नशा तस्करी से जुड़ी किसी भी जानकारी की सूचना तुरंत पुलिस या एसटीएफ को दें। उन्होंने कहा कि “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।