2027 चुनाव की तैयारी में जुटी कांग्रेस, चुनाव अभियान समिति कार्यालय का उद्घाटन
देहरादून, 29 जुलाई। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को तेज करते हुए प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में चुनाव अभियान समिति कार्यालय का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष एवं केंद्रीय चुनाव समिति के सदस्य प्रीतम सिंह की उपस्थिति में प्रदेश कांग्रेस के कोषाध्यक्ष आर्येन्द्र शर्मा ने विधिवत कार्यालय का शुभारंभ किया। इस दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रीतम सिंह ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा के शासन में महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और महिला उत्पीड़न चरम पर पहुंच गया है। बार-बार हो रही पेपर लीक की घटनाओं ने सरकारी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं और युवाओं का भविष्य संकट में डाल दिया है।
प्रीतम सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा ने लोकसभा और विधानसभा चुनावों से लेकर अब तक केवल झूठे वादे किए हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने, महंगाई और भ्रष्टाचार बढ़ाने में विफल रही है। उनके अनुसार आज युवा, किसान, मजदूर, महिलाएं और छात्र सभी अपने अधिकारों के लिए सड़क पर उतरने को मजबूर हैं।
उन्होंने दावा किया कि उत्तराखंड की जनता बदलाव चाहती है और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस सत्ता में वापसी करेगी तथा राज्य के विकास को फिर से गति देगी।
इस अवसर पर कांग्रेस के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, पूर्व विधायक, जिला एवं महानगर इकाइयों के पदाधिकारी, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
