केंद्रीय मंत्री के खिलाफ महिला कांग्रेस का प्रदर्शन, पुतला दहन कर जताया विरोध
देहरादून, 29 जुलाई। उत्तराखंड प्रदेश महिला कांग्रेस ने केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी के कथित बयान के विरोध में देहरादून के एस्लेहॉल चौक पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मंत्री का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया।

प्रदर्शन के दौरान ज्योति रौतेला ने आरोप लगाया कि केंद्रीय मंत्री द्वारा कथित रूप से बलात्कार के आरोपी के समर्थन में दिया गया बयान बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। उन्होंने कहा कि महिलाओं का अपमान करने वालों को देश की जनता कभी माफ नहीं करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और उसके नेताओं की सोच महिला विरोधी रही है तथा महिलाओं के सम्मान और अधिकारों की लगातार अनदेखी की जा रही है।
ज्योति रौतेला ने उत्तराखंड की महिलाओं से लोकतांत्रिक तरीके से आवाज़ उठाने का आह्वान करते हुए कहा कि महिला कांग्रेस महिलाओं के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए प्रदेशभर में जनजागरण और आंदोलन जारी रखेगी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार महिलाओं, युवाओं और बेरोजगारों के मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने भी भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस व्यक्ति पर बलात्कार के आरोपियों का सम्मान करने जैसे गंभीर आरोप लगते रहे हों, उसे शिक्षा मंत्रालय जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने राज्य सरकार को भी आड़े हाथों लेते हुए कहा कि बरसात के दौरान विकास कार्यों की गुणवत्ता की पोल खुल गई है और जनता सरकार की कार्यप्रणाली से निराश है।
प्रदर्शन में पूर्व विधायक राजकुमार, महानगर अध्यक्ष जसविंदर सिंह गोगी, प्रदेश महिला कांग्रेस उपाध्यक्ष आशा मनोरमा डोबरियाल सहित महिला कांग्रेस एवं कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
