232 गरीब परिवारों का सपना हुआ साकार, धौलास आवासीय योजना में मिला अपना आशियाना
देहरादून | 30 जुलाई 2026
भारत केसरी
उत्तराखंड में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत 232 आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों का अपने घर का सपना साकार हो गया। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने धौलास आवासीय योजना के अंतर्गत पारदर्शी डिजिटल लॉटरी के माध्यम से चयनित लाभार्थियों को फ्लैट आवंटित किए।
आईएसबीटी स्थित सिटी जंक्शन मॉल में आयोजित कार्यक्रम में सभी 232 ईडब्ल्यूएस लाभार्थियों को कंप्यूटरीकृत लॉटरी प्रणाली के जरिए भवन संख्या आवंटित की गई। पूरी प्रक्रिया लाभार्थियों और अधिकारियों की मौजूदगी में संपन्न हुई, जिससे पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित की गई।

इस अवसर पर दिव्यांगों और वरिष्ठ नागरिकों के प्रति विशेष संवेदनशीलता दिखाते हुए चार दिव्यांग और दो वरिष्ठ नागरिक लाभार्थियों को प्राथमिकता के आधार पर भूतल पर फ्लैट आवंटित किए गए।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार “हर पात्र परिवार को अपना घर” उपलब्ध कराने के संकल्प पर लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना केवल मकान उपलब्ध कराने की योजना नहीं, बल्कि गरीब परिवारों के सम्मान, सुरक्षा और बेहतर भविष्य की मजबूत नींव है।

एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने बताया कि प्राधिकरण का उद्देश्य केवल भवन निर्माण नहीं, बल्कि जरूरतमंद परिवारों को गुणवत्तापूर्ण और सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराना है। वहीं, एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि फ्लैट आवंटन की पूरी प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुरूप डिजिटल और पूरी तरह पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई गई।

धौलास आवासीय योजना आधुनिक सुविधाओं से युक्त सुरक्षित आवासीय परिसर के रूप में विकसित की गई है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बेहतर जीवन और स्थायी आशियाने का अवसर मिलेगा।
