15 अगस्त पर देशभक्ति के रंग में रंगेगा देहरादून, परेड ग्राउंड में मुख्यमंत्री धामी करेंगे ध्वजारोहण
देहरादून, 30 जुलाई।
भारत केसरी
स्वतंत्रता दिवस 2026 को भव्य और गरिमामय बनाने के लिए देहरादून जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में हुई बैठक में 14 और 15 अगस्त के कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तय की गई।
मुख्य समारोह 15 अगस्त को ऐतिहासिक परेड ग्राउंड में आयोजित होगा, जहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सुबह 10 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। पुलिस, अर्धसैनिक बल, होमगार्ड, एनसीसी और पीआरडी की टुकड़ियां परेड कर तिरंगे को सलामी देंगी। समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, राज्य आंदोलनकारियों, खिलाड़ियों और उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा।
14 अगस्त को मनाया जाएगा विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस
14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें मुख्यमंत्री धामी भी शामिल होंगे। कार्यक्रम में 1947 के विभाजन से प्रभावित लोगों को आमंत्रित किया जाएगा और विभाजन की त्रासदी पर आधारित विशेष प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
हर घर तिरंगा और एक पेड़ मां के नाम अभियान
जिला प्रशासन ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जनआंदोलन बनाने के निर्देश दिए हैं। ब्लॉक और विधानसभा स्तर पर तिरंगा यात्राएं एवं साइकिल रैलियां आयोजित की जाएंगी। वहीं ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पूरे जनपद में बड़े स्तर पर पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जाएगा।
देशभक्ति गीतों से गूंजेगा शहर
14 अगस्त की शाम प्रमुख चौराहों पर देशभक्ति गीतों का प्रसारण होगा, जबकि सरकारी भवनों और प्रमुख इमारतों को आकर्षक रोशनी से सजाया जाएगा। स्कूलों में प्रभात फेरी, सांस्कृतिक कार्यक्रम, निबंध और खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जाएगा।
प्लास्टिक मुक्त रहेगा समारोह
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि स्वतंत्रता दिवस समारोह पूरी तरह प्लास्टिक मुक्त रहेगा। नगर निगम को शहर में विशेष स्वच्छता अभियान, सौंदर्यीकरण और प्रतिमाओं के आसपास साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
