Uttrakhand

भारत-नेपाल मैत्री बैठक में महिला सशक्तिकरण पर जोर, ‘लखपति दीदी’ अभियान बना आकर्षण

देहरादून, 30 जुलाई।

भारत केसरी

नेपाल के दार्चुला में आयोजित भारत-नेपाल मैत्री बैठक एवं लखपति दीदी सम्मेलन में भारत और नेपाल की महिला प्रतिनिधियों ने महिला सशक्तिकरण, स्वरोजगार और सीमापार सहयोग को नई मजबूती देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में भाजपा महिला मोर्चा उत्तराखंड की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट के नेतृत्व में उत्तराखंड का प्रतिनिधिमंडल शामिल हुआ।

सम्मेलन में स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने, कौशल विकास, महिला उद्यमिता और आजीविका के अवसरों पर विस्तृत चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित ‘लखपति दीदी’ अभियान ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण का प्रभावी माध्यम बन रहा है।

बैठक में भारत और नेपाल की महिलाओं ने सीमा क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वरोजगार, प्रशिक्षण और सांस्कृतिक सहयोग को बढ़ावा देने के लिए संयुक्त प्रयासों पर सहमति जताई। भाजपा जिला उपाध्यक्ष राजेंद्र नेगी ने कहा कि दोनों देशों के बीच सदियों पुराने ‘रोटी-बेटी’ के रिश्ते महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से और मजबूत होंगे।

अपने पिथौरागढ़ प्रवास के दौरान प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने सीमांत क्षेत्र के रंग संग्रहालय का भ्रमण किया और रंग समुदाय की महिलाओं से संवाद करते हुए उनकी पारंपरिक वेशभूषा एवं आभूषण धारण कर जनजातीय संस्कृति के संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम के अंत में भारत और नेपाल की महिलाओं के बीच नियमित संवाद, प्रशिक्षण और स्वयं सहायता समूहों के अनुभवों के आदान-प्रदान के लिए भविष्य में भी संयुक्त कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया।