गुरु पूर्णिमा पर श्री दरबार साहिब में उमड़ा आस्था का सैलाब, श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने दिया गुरु महिमा का दिव्य संदेश
देहरादून।
भारत केसरी
गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर श्री दरबार साहिब, दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज में बुधवार को श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। देश-विदेश से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने श्री गुरु राम राय जी महाराज के श्रीचरणों में शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त किया और श्री झंडे जी पर मत्था टेककर अपनी अटूट आस्था व्यक्त की।

इस अवसर पर दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज के सज्जादे गद्दीनशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने विशेष पूजा-अर्चना, अरदास एवं गुरु स्मरण कर संगतों को पावन दर्शन दिए। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं के सुख, समृद्धि और कल्याण की मंगलकामना करते हुए गुरु के बताए मार्ग पर चलने का संदेश दिया।
अपने प्रेरक संबोधन में श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने कहा कि गुरु केवल ज्ञान देने वाले नहीं, बल्कि जीवन को सत्य, सेवा, करुणा और धर्म के मार्ग पर अग्रसर करने वाले दिव्य प्रकाश हैं। उन्होंने ब्रह्मलीन गुरु श्रीमहंत इन्दिरेश चरण दास जी महाराज का श्रद्धापूर्वक स्मरण करते हुए कहा कि गुरु पूर्णिमा केवल पूजा का पर्व नहीं, बल्कि गुरु के आदर्शों को जीवन में उतारने और सेवा, विनम्रता व मानवता के मूल्यों को अपनाने का संकल्प लेने का अवसर है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में समाज को प्रेम, सद्भाव, संयम और आध्यात्मिक चेतना की सबसे अधिक आवश्यकता है। गुरु की शिक्षाएं हमें स्वयं के साथ-साथ समाज और राष्ट्र के कल्याण के लिए समर्पित जीवन जीने की प्रेरणा देती हैं।
पूरे दिन श्री दरबार साहिब परिसर भजन-कीर्तन, अरदास और गुरु स्मरण से आध्यात्मिक वातावरण में सराबोर रहा। कार्यक्रम के समापन पर विशेष लंगर प्रसाद का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक प्रसाद ग्रहण कर गुरु कृपा का आशीर्वाद प्राप्त किया।
