Uttrakhand

E20 पेट्रोल पर AAP का हमला, केंद्र से फैसला वापस लेने की मांग

देहरादून |

भारत केसरी

आम आदमी पार्टी उत्तराखंड ने E20 पेट्रोल को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष उमा गौड़ सिसोदिया ने आरोप लगाया कि पेट्रोल में 20 प्रतिशत एथेनॉल मिलाने के फैसले से लोगों के वाहन प्रभावित हो रहे हैं और आम जनता परेशान है।

शुक्रवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में उमा गौड़ सिसोदिया ने कहा कि सोशल मीडिया पर देश के विभिन्न राज्यों से एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल के कारण वाहनों में खराबी आने की शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि पहले दावा किया गया था कि एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल से ईंधन सस्ता होगा और वाहनों पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ेगा, लेकिन अब स्थिति इसके विपरीत दिखाई दे रही है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में यदि दूरस्थ क्षेत्रों में वाहन खराब हो जाए तो लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है, क्योंकि वहां तत्काल मैकेनिक या अन्य सुविधाएं उपलब्ध नहीं होतीं।

प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल शनिवार को दिल्ली के कॉन्स्टीट्यूशन क्लब में ‘E20 के खिलाफ नेशनल टाउनहॉल’ आयोजित करेंगे। उन्होंने उत्तराखंड की जनता से इस कार्यक्रम से जुड़कर अपनी बात रखने की अपील की।

आम आदमी पार्टी ने केंद्र सरकार से E20 नीति को वापस लेने की मांग की है।