कांवड़ मेला-2026: पहली बार Cyber Commandos की तैनाती, 24×7 रहेगी साइबर निगरानी
देहरादून |
भारत केसरी
उत्तराखंड में पहली बार कांवड़ मेला-2026 के दौरान श्रद्धालुओं की डिजिटल सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशिक्षित Cyber Commandos की तैनाती की गई है। मुख्यमंत्री के निर्देश और पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ के मार्गदर्शन में स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने इस विशेष व्यवस्था को लागू किया है, जिसे आगामी महाकुंभ-2027 की साइबर सुरक्षा तैयारियों की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

पटेल भवन, पुलिस मुख्यालय देहरादून में शुक्रवार को Cyber Commandos की विशेष ब्रीफिंग आयोजित की गई। हरिद्वार में तैनात कमांडो साइबर स्पेस, सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर 24 घंटे निगरानी रखेंगे, ताकि किसी भी साइबर खतरे, अफवाह या ऑनलाइन ठगी पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
एसटीएफ के अनुसार, Cyber Security Unit, Social Media Monitoring Unit, Cyber Intelligence Unit और Incident Response Unit नाम की चार विशेष इकाइयां लगातार सक्रिय रहेंगी। इनका मुख्य फोकस फेक न्यूज, फर्जी वेबसाइट, ऑनलाइन होटल और ट्रैवल बुकिंग फ्रॉड, UPI-QR कोड धोखाधड़ी, फिशिंग और अन्य साइबर अपराधों की रोकथाम रहेगा।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि देश के विभिन्न राज्यों से आए 31 Cyber Commandos और उत्तराखंड के 4 Cyber Commandos हरिद्वार कंट्रोल रूम, कांवड़ सेल, पटेल भवन और आईटीडीए के साथ समन्वय बनाकर वर्चुअल दुनिया पर नजर रखेंगे।
आईजी एसटीएफ ने कमांडोज को साइबर इंटेलिजेंस, रियल-टाइम सूचना साझा करने और साइबर अपराधियों की पहचान पर विशेष जोर देने के निर्देश दिए। वहीं, एसएसपी एसटीएफ ने आधुनिक तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग के साथ प्रत्येक साइबर सूचना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एसटीएफ का कहना है कि कांवड़ मेला-2026 के दौरान प्राप्त अनुभवों के आधार पर महाकुंभ-2027 के लिए राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप एक मजबूत और तकनीक आधारित साइबर सुरक्षा मॉडल विकसित किया जाएगा।
