DEHRADUNDM DEHRADUN

जिला अस्पताल के घटते राजस्व पर डीएम सख्त, जांच के आदेश

देहरादून

भारत केसरी

जिलाधिकारी एवं चिकित्सा प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. आशीष चौहान ने जिला चिकित्सालय (कोरोनेशन) के घटते राजस्व पर गंभीर चिंता जताते हुए अधिकारियों को विस्तृत जांच कर तथ्यात्मक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अस्पताल के वर्षवार बजट, विभिन्न मदों में हुए खर्च और प्रस्तावित बजट के औचित्य का विस्तृत विश्लेषण भी मांगा है।

शुक्रवार को आयोजित चिकित्सा प्रबंधन समिति की बैठक में अस्पताल के वित्तीय प्रबंधन, चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार, आवश्यक उपकरणों की खरीद और आधारभूत संरचना को मजबूत बनाने सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।

 

बैठक में डीएम ने निर्देश दिए कि उपचार पूरा होने के बाद लावारिस एवं निराश्रित मरीजों को अस्पताल में न छोड़ा जाए, बल्कि उन्हें रैन बसेरा या अन्य उपयुक्त आश्रय स्थलों तक पहुंचाने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

 

बैठक में अस्पताल से जुड़े 38 प्रस्तावों पर विचार किया गया। इनमें सीवर एवं ड्रेनेज लाइन की मरम्मत, ऑक्सीजन सिस्टम का उन्नयन, आईसीयू और रिकवरी वार्ड के उपकरण, ईसीजी मशीन, सिरिंज पंप, मोटराइज्ड बेड, पैथोलॉजी और गायनी विभाग के उपकरण, सीसीटीवी कैमरे, कंप्यूटर, प्रिंटर, भवन मरम्मत, शौचालयों का नवीनीकरण, स्वच्छता व्यवस्था और आवश्यक दवाओं एवं सर्जिकल सामग्री की उपलब्धता से जुड़े प्रस्ताव शामिल रहे।

 

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित वित्तीय नियमों और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप किए जाएं तथा उनकी नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जिला चिकित्सालय आम जनता से जुड़ा महत्वपूर्ण संस्थान है और यहां मरीजों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

 

बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज शर्मा, प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. यतेन्द्र सिंह, मुख्य कोषाधिकारी नीतू भंडारी सहित चिकित्सा प्रबंधन समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।