DEHRADUNUttrakhand

देहरादून में “ऑपरेशन ऋषिपर्णा” रिपोर्ट पेश, नदी प्रदूषण के कारणों और पुनर्जीवन के लिए दिए ठोस सुझाव

देहरादून | 31 जुलाई 2026

भारत केसरी

ऋषिपर्णा नदी के संरक्षण और पुनर्जीवन को लेकर यू टर्न फाउंडेशन ने शनिवार को उत्तरांचल प्रेस क्लब, देहरादून में “ऑपरेशन ऋषिपर्णा” नागरिक डोज़ियर जारी किया। ग्रीन इम्पैक्ट मिशन के तहत तैयार इस डोज़ियर में नदी की वर्तमान स्थिति, प्रदूषण के प्रमुख स्रोत, सीवेज का प्रवाह, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, अतिक्रमण और जलग्रहण क्षेत्र के क्षरण का विस्तृत अध्ययन प्रस्तुत किया गया।


फाउंडेशन ने बताया कि यह नागरिक डोज़ियर पहले ही जिलाधिकारी देहरादून और नगर निगम के महापौर को सौंपा जा चुका है। प्रेस वार्ता का उद्देश्य नागरिकों, मीडिया, प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच रचनात्मक संवाद स्थापित कर नदी संरक्षण को जनभागीदारी का अभियान बनाना है।

 

ग्रीन इम्पैक्ट मिशन की टीम ने डोज़ियर के प्रमुख निष्कर्षों और अनुशंसाओं का प्रस्तुतीकरण किया। कार्यक्रम में यू टर्न फाउंडेशन के पदाधिकारियों, अधिवक्ताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, पत्रकारों और गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया।

संस्थापक-अध्यक्ष हेमंत नव कुमार ने कहा कि “ऑपरेशन ऋषिपर्णा केवल एक रिपोर्ट नहीं, बल्कि नागरिक सहभागिता, शोध और समाधान आधारित सोच का दस्तावेज़ है। इसका उद्देश्य प्रशासन और समाज के साथ मिलकर नदी पुनर्जीवन के व्यवहारिक समाधान तैयार करना है।”

यू टर्न फाउंडेशन ने घोषणा की कि “ऑपरेशन ऋषिपर्णा” अब अगले चरण में प्रवेश करेगा, जिसमें नागरिक शोध को नीति संवाद और क्रियान्वयन योग्य परियोजनाओं से जोड़ने की दिशा में कार्य किया जाएगा।

 

फाउंडेशन के सचिव अधिवक्ता प्रभात बड़थवाल ने कहा कि यह पहल युवाओं की शोध क्षमता और नीति निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी का उदाहरण है। वहीं विधिक सलाहकार अधिवक्ता संजय डिमरी ने कहा कि नदी संरक्षण पर्यावरण के साथ-साथ सुशासन और कानून के प्रभावी क्रियान्वयन से भी जुड़ा विषय है।