मतदाता पुनरीक्षण पर कांग्रेस का हल्ला, डीएम से मांगी नोटिसधारकों की पूरी सूची
देहरादून | 01 अगस्त 2026
भारत केसरी
विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (SIR) को लेकर देहरादून में कांग्रेस ने जिला निर्वाचन अधिकारी आशीष चौहान को ज्ञापन सौंपा। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने नोटिस प्राप्त मतदाताओं की विधानसभावार और मतदान केंद्रवार सूची सार्वजनिक करने तथा नोटिस के जवाब के लिए निर्धारित समय-सीमा बढ़ाने की मांग की।

कांग्रेस का कहना है कि बड़ी संख्या में मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं, लेकिन जवाब देने के लिए पर्याप्त समय नहीं मिल रहा। ऐसे में कई नागरिक आवश्यक दस्तावेज समय पर जुटाने में असमर्थ हैं, जिससे उनके मताधिकार पर असर पड़ सकता है।
डॉ. गोगी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए नोटिस प्राप्त मतदाताओं की सूची सार्वजनिक की जानी चाहिए, ताकि राजनीतिक दल और जनप्रतिनिधि प्रभावित मतदाताओं तक समय पर पहुंचकर आवश्यक सहयोग कर सकें।
महानगर कांग्रेस ने जिला प्रशासन से मांग की है कि सूची जल्द उपलब्ध कराई जाए और दस्तावेज जमा करने की समय-सीमा बढ़ाई जाए, ताकि कोई भी पात्र मतदाता केवल समय की कमी के कारण अपने अधिकार से वंचित न रहे।
