Uttrakhand

मतदाता सूची पुनरीक्षण पर कांग्रेस का विरोध तेज, सूर्यकांत धस्माना बोले- वैध वोटरों का नाम नहीं कटने देंगे

देहरादून: उत्तराखंड में चुनाव आयोग द्वारा चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर कांग्रेस ने विरोध तेज कर दिया है। पार्टी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि यदि किसी वैध मतदाता का नाम मतदाता सूची से हटाने का प्रयास किया गया तो कांग्रेस सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी।

धस्माना ने पिछले दो दिनों में कैंट और धर्मपुर विधानसभा क्षेत्रों के कई वार्डों का दौरा कर उन मतदाताओं से मुलाकात की, जिन्हें नोटिस मिले हैं या जिनके नाम मतदाता सूची से हटाए जाने की आशंका है। उन्होंने कांवली, इंदिरापुरम, गांधीग्राम, द्रोणपुरी, सीमाद्वार, मांजरा, ब्रह्मपुरी और ब्राह्मणवाला क्षेत्रों में लोगों की समस्याएं सुनीं।

कांग्रेस के अनुसार कई मतदाताओं को ऐसे कारणों से नोटिस दिए गए हैं, जिनमें माता-पिता और बच्चों की उम्र के अंतर, नामों की वर्तनी में त्रुटियां, उपनाम (देवी, सिंह, कुमार आदि) या अन्य तकनीकी विसंगतियां शामिल हैं। पार्टी का आरोप है कि इनमें से अधिकांश त्रुटियां चुनाव आयोग के रिकॉर्ड से संबंधित हैं, जिनका खामियाजा मतदाताओं को नहीं भुगतना चाहिए।

सीमाद्वार के शास्त्रीनगर निवासी अनिता दास ने धस्माना को बताया कि वह पिछले 25 वर्षों से अपने पति के साथ कांवली मतदान केंद्र पर मतदान करती रही हैं और अब उनके बच्चों के नाम भी मतदाता सूची में दर्ज हैं। इसके बावजूद उन्हें एसआईआर के तहत नोटिस मिला, जिसमें कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया गया।

धस्माना ने आरोप लगाया कि चुनिंदा मतदाताओं को नोटिस देकर उनके नाम मतदाता सूची से हटाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को आशंका है कि गैर-भाजपा विचारधारा वाले मतदाताओं के नाम चुन-चुनकर हटाने की साजिश की जा रही है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी बूथ स्तर पर होने वाली सुनवाई में अपने बूथ लेवल एजेंट (BLA) और स्थानीय नेताओं के माध्यम से प्रभावित मतदाताओं की हरसंभव सहायता करेगी। पार्टी यह सुनिश्चित करने का प्रयास करेगी कि किसी भी वैध मतदाता का नाम सूची से न कटे और कोई अवैध व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल न हो

धस्माना ने कहा कि यदि चुनाव आयोग सरकार या किसी राजनीतिक दबाव में आकर वैध मतदाताओं के नाम हटाने का प्रयास करता है, तो कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से इसका विरोध करेगी और जरूरत पड़ने पर सड़क पर उतरकर आंदोलन भी करेगी।

इस दौरान उनके साथ जगदीश धीमान, अल्ताफ अहमद, शुभम सैनी, नन्हे, प्रवीण कश्यप और आनंद सिंह पुंडीर सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।