एसयूडब्ल्यूजे देहरादून जिला इकाई का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न, पत्रकारिता के मूल्यों को बनाए रखने का लिया संकल्प
देहरादून, 2 अगस्त। स्टेट यूनियन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स (एसयूडब्ल्यूजे) की देहरादून जिला इकाई के नवनियुक्त पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने रविवार को आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में अपने दायित्वों का निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने का संकल्प लिया।
राजपुर रोड स्थित नारायण मुनि भवन में आयोजित समारोह की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार संतोष आनंद ने की। कार्यक्रम की शुरुआत जिला अध्यक्ष सूर्य प्रकाश ने अतिथियों एवं सदस्यों के स्वागत के साथ की।










मुख्य अतिथि सुनील अग्रवाल ने कहा कि समाज की दिशा और दशा तय करने में पत्रकारिता की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि आज भी एक पत्रकार की लेखनी विश्वसनीयता की सबसे बड़ी कसौटी मानी जाती है और निष्पक्ष पत्रकारिता लोकतंत्र की मजबूती का आधार है।
विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ प्रदेश संघ प्रचारक संजय जी ने कहा कि पत्रकारिता का उद्देश्य व्यक्तिगत हित नहीं, बल्कि राष्ट्र और समाज के व्यापक हितों की सेवा होना चाहिए। उन्होंने पत्रकारों से पत्रकारिता के मूल उद्देश्य, नैतिकता और मूल्यों को बनाए रखने का आह्वान किया।
एसयूडब्ल्यूजे के प्रदेश अध्यक्ष शंकर दत्त शर्मा ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए पत्रकारिता में सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देना आवश्यक है। इससे पत्रकारिता की गरिमा और विश्वसनीयता बनी रहेगी।
कार्यक्रम में राज्य पत्रकार संरक्षण समिति के सदस्य लक्ष्मण सिंह नेगी, भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष सोमदत्त शर्मा, सतेन्द्र चौहान और कुलदीप सिंह सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार रखे और नवगठित जिला इकाई को शुभकामनाएं दीं।
समारोह के अंत में एसयूडब्ल्यूजे के प्रदेश संयोजक नारायण भट्ट, जिला महामंत्री पंकज भार्गव और चेतन सिंह खड़का ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर आमंत्रित अतिथियों, वरिष्ठ पत्रकारों और यूनियन के नवनियुक्त पदाधिकारियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित भी किया गया।
पवन रावत के संचालन में आयोजित इस कार्यक्रम में शिव प्रसाद सती, पीताम्बर कुमार, सतीश पुंडिर, उमाशंकर कुकरती, नीता शर्मा, लक्ष्मी बहुगुणा, मनु सब्बरवाल, संजय सुमिताभ, कपिल गर्ग, चिरंजीव सहगल, आदित्य मलिक, लक्ष्मी बिष्ट, सत्येन्द्र कुमार चौहान, इन्द्र कुमार अरोड़ा, निधि अरोड़ा, कृष्ण कुमार सेमवाल, विनोद रावत, चन्द्रकला काला सहित बड़ी संख्या में पत्रकार और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

