MDDA में जनता की ‘सीधी सुनवाई’! समाधान दिवस में अवैध निर्माण से लेकर नक्शों तक की शिकायतों पर अफसरों ने कसा शिकंजा
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के तहत मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) में सोमवार को ‘समाधान दिवस’ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे करीब 15 नागरिकों ने अवैध निर्माण, भवन मानचित्र, विकास कार्यों, सड़क, जल निकासी, भूमि विवाद और अन्य जनसुविधाओं से जुड़ी शिकायतें अधिकारियों के सामने रखीं।
एमडीडीए मुख्यालय में आयोजित समाधान दिवस के दौरान अधिकारियों ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को निर्धारित समयसीमा में कार्रवाई के निर्देश दिए। कई मामलों में मौके पर ही समाधान की प्रक्रिया भी शुरू कराई गई।

एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप शासन को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और जनोन्मुखी बनाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्येक शिकायत की नियमित मॉनिटरिंग होगी और किसी भी मामले को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रहने दिया जाएगा।
वहीं सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि समाधान दिवस में प्राप्त हर शिकायत का विधिसम्मत और प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराया जा रहा है। अधिकारियों को शिकायतकर्ताओं से लगातार संपर्क बनाए रखने और तय समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
समाधान दिवस में संयुक्त सचिव गौरव चटवाल, क्षेत्रीय अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता, अवर अभियंता सहित प्राधिकरण के कई अधिकारी मौजूद रहे।

