रुद्रप्रयाग में गूंजे समरसता के जयकारे, गुरु रविदास जयंती कलश यात्रा का हुआ भव्य स्वागत
रुद्रप्रयाग। संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में चल रहे समरसता संकल्प अभियान के तहत निकली पवित्र कलश यात्रा सोमवार को रुद्रप्रयाग पहुंची। हरिद्वार से आई इस यात्रा का भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा, जयकारों और ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया।

यह कलश यात्रा गुरु पूर्णिमा के दिन वाराणसी स्थित गोवर्धनपुर से प्रारंभ हुई है और देशभर में सामाजिक समरसता, समानता, सेवा और मानवता का संदेश लेकर विभिन्न राज्यों का भ्रमण कर रही है। रुद्रप्रयाग पहुंचने पर यात्रा का स्वागत भाजपा जिला कार्यालय और अगस्त्यमुनि स्थित बाल्मीकि मंदिर में विधि-विधान के साथ किया गया, जहां कलश पूजन एवं विचार गोष्ठी का आयोजन भी हुआ।
भाजपा जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट ने कहा कि कलश यात्रा जनपद के सभी मंडलों तक पहुंचेगी और प्रत्येक मंदिर में पूजन के साथ पवित्र मिट्टी का स्थानीय मिट्टी में समावेश किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संत रविदास का जीवन सामाजिक समरसता, समानता और मानव सेवा का प्रेरणास्रोत है तथा उनका संदेश आज भी समाज के लिए प्रासंगिक है।
जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में गरीब, दलित, वंचित और जरूरतमंद वर्गों के उत्थान के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही हैं।
कार्यक्रम में भाजपा के कई पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, महिला मोर्चा, युवा मोर्चा और अनुसूचित मोर्चा के कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

