DEHRADUNDM DEHRADUN

DM के समाधान दिवस में फरियादों की बौछार! 109 शिकायतें सुनीं, बुजुर्ग दादी की पुकार पर तुरंत हरकत में आया प्रशासन

देहरादून। कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को आयोजित समाधान दिवस में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने 109 फरियादियों की समस्याएं सुनीं। अधिकांश मामलों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों पर संबंधित विभागों को तय समयसीमा में कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

 

 

75 वर्षीय दादी की दर्दभरी फरियाद

समाधान दिवस में सबसे भावुक मामला 75 वर्षीय विधवा माया देवी का रहा। उन्होंने बताया कि कोविड काल और पारिवारिक त्रासदी के बाद वह अकेली रह गई हैं। आरोप लगाया कि उनकी नातिन गलत संगति और नशे की गिरफ्त में आकर एक युवक के साथ पुस्तैनी मकान में रह रही है तथा उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित कर घर से बेदखल करने का प्रयास कर रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएम ने महिला सेल को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

बस सेवा नहीं, तो एसीईओ तलब

देहरादून-डोईवाला-भानियावाला-जौली-थानो मार्ग पर बस सेवा नहीं होने की शिकायत पर डीएम ने कड़ा रुख अपनाते हुए अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी (एसीईओ) को तत्काल तलब किया और समाधान के निर्देश दिए।

मुआवजा और अनुदान में देरी पर नाराजगी

लखवाड़ बांध परियोजना से प्रभावित किसानों को पुनर्स्थापन अनुदान न मिलने और प्रेमनगर-डोईवाला सड़क चौड़ीकरण में मकान टूटने के बावजूद वर्षों से मुआवजा लंबित रहने के मामलों पर डीएम ने संबंधित अधिकारियों से तत्काल रिपोर्ट तलब कर शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने को कहा।

हर शिकायत पर कार्रवाई

समाधान दिवस में भूमि विवाद, अवैध कब्जे, सीमांकन, पेयजल, आर्थिक सहायता, स्कूल फीस माफी, डेयरी में अनियमितता, सड़क, जल निकासी और सार्वजनिक भूमि पर अतिक्रमण सहित कई मामलों पर सुनवाई हुई। संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

डीएम डॉ. आशीष चौहान ने स्पष्ट कहा कि जनसुनवाई में आने वाली हर शिकायत का संवेदनशील, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही सीएम पोर्टल पर लंबित शिकायतों को भी प्राथमिकता से निपटाने के निर्देश दिए।