DM DEHRADUNUttrakhand

देहरादून की वोटर लिस्ट पर बड़ा एक्शन! 5.47 लाख मतदाताओं को नोटिस, अफसरों को फील्ड में उतरने के निर्देश

देहरादून।

देहरादून में मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए भारत निर्वाचन आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी विजय कुमार जोगदंडे ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन मतदाताओं की मैपिंग शेष है, उनके मामलों का फील्ड में जाकर समयबद्ध निस्तारण किया जाए।

उन्होंने विशेष रूप से सहसपुर, डोईवाला, विकासनगर और मसूरी विधानसभा क्षेत्रों में अभियान को और गति देने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित 11 मान्य दस्तावेजों के आधार पर ही मतदाताओं का सत्यापन किया जाए और वर्ष 2003 की एसआईआर प्रति, परिवार रजिस्टर सहित अन्य अभिलेखों का मिलान कर मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित की जाए।

 

बैठक में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि माइक्रो प्लान के अनुसार अभियान को समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए और कोई भी पात्र मतदाता सत्यापन से वंचित न रहे।

 

5.47 लाख मतदाताओं को नोटिस

 

बैठक में बताया गया कि जनपद की 10 विधानसभा सीटों में कुल 20.45 लाख आबादी के बीच विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान चल रहा है। जिले में 11,90,805 प्रारूप मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 3,95,772 मतदाताओं के अभिलेखों में विसंगतियां हैं, जबकि 1,52,170 मतदाताओं की मैपिंग अभी बाकी है।

 

कुल 5,47,942 मतदाताओं को नोटिस जारी किए जाने हैं, जिनमें से 3,91,810 मतदाताओं तक नोटिस पहुंचाए जा चुके हैं।

 

राजनीतिक दलों से मांगा सहयोग

 

इसके बाद आयोजित बैठक में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील की गई। अधिकारियों ने कहा कि राजनीतिक दल अपने बूथ लेवल एजेंट (BLA) के माध्यम से मतदाताओं को आवश्यक दस्तावेजों के साथ सुनवाई में शामिल होने के लिए प्रेरित करें।

 

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आधार कार्ड के अलावा जन्म प्रमाण पत्र, शैक्षिक प्रमाण पत्र, परिवार रजिस्टर, निवास प्रमाण पत्र, सरकारी पहचान पत्र, भूमि एवं आवास संबंधी दस्तावेज सहित निर्वाचन आयोग द्वारा मान्य अन्य अभिलेख भी प्रस्तुत किए जा सकते हैं।