उत्तराखंड के पर्यटन को केंद्र का बूस्ट, MSP पर किसानों को भी बड़ी राहत! संसद में महेंद्र भट्ट के सवाल पर सरकार का जवाब
देहरादून।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट के सवाल पर केंद्र सरकार ने संसद में उत्तराखंड के पर्यटन और किसानों से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत जानकारी दी। केंद्र सरकार ने कहा कि धार्मिक, सांस्कृतिक और साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए राज्यों को लगातार वित्तीय और प्रचारात्मक सहयोग दिया जा रहा है।

केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने बताया कि उत्तराखंड में ट्रैवल मेले, रोड शो, इंडिया इवनिंग्स, सेमिनार और कार्यशालाओं जैसे आयोजनों के माध्यम से पर्यटन को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसके तहत 2023-24 में 25 लाख रुपये और 2025-26 में 50 लाख रुपये की केंद्रीय सहायता राज्य को दी गई।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का उद्देश्य भारत को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर प्रमुख गंतव्य के रूप में स्थापित करना है, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था और रोजगार को भी मजबूती मिले।
MSP पर किसानों के लिए क्या कहा?
कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर ने बताया कि सरकार 22 अधिसूचित फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) तय करती है और वर्ष 2018-19 से MSP को उत्पादन लागत के कम से कम डेढ़ गुना के स्तर पर निर्धारित किया जा रहा है।
सरकार के अनुसार, 2014 से जून 2026 तक 12,819 एमएमटी कृषि उपज की खरीद की गई है और किसानों को ₹27.80 लाख करोड़ का भुगतान/सब्सिडी उपलब्ध कराई गई है। दलहन, तिलहन, गेहूं, धान, मोटे अनाज, कपास और जूट सहित विभिन्न फसलों की खरीद केंद्र एवं राज्य एजेंसियों के माध्यम से की जा रही है।
सरकार ने यह भी बताया कि किसानों की सुविधा के लिए स्थायी मंडियों के साथ-साथ अस्थायी खरीद केंद्र भी स्थापित किए जाते हैं, ताकि उन्हें अपनी उपज MSP पर बेचने में परेशानी न हो।

