DEHRADUNHEALTH NEWS

विकासनगर में उमड़ा मरीजों का सैलाब! पहले ही दिन 685 लोगों ने उठाया मुफ्त विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर का लाभ

देहरादून/विकासनगर।

सेवा सप्ताह के तहत उपजिला चिकित्सालय विकासनगर में आयोजित तीन दिवसीय विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर के पहले दिन क्षेत्र के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शिविर का शुभारंभ नगर पंचायत अध्यक्ष बॉबी नौटियाल ने किया। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रताप सिंह और चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेन्द्र शर्मा भी मौजूद रहे।

पहले दिन शिविर में 685 मरीजों का पंजीकरण हुआ, जिनमें 233 पुरुष और 452 महिलाएं शामिल रहीं। मरीजों को विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क परामर्श, जांच और उपचार उपलब्ध कराया गया।

 

शिविर में फिजिशियन (190), गायनी (112), अस्थि रोग (96), ईएनटी (83), नेत्र (70), सर्जरी (67), बाल रोग (60), दंत (32) और फिजियोथेरेपी (15) विभाग के विशेषज्ञों ने सेवाएं दीं।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार शिविर में 279 लैब जांचें, 20 ईसीजी, 49 अल्ट्रासाउंड, 174 एक्स-रे (25 टीबी एवं 149 अन्य) किए गए। इसके अलावा 79 एनसीडी स्क्रीनिंग, 58 एएनसी जांच, 60 टीबी स्क्रीनिंग और 86 लाभार्थियों की काउंसलिंग भी की गई।

 

आयुष्मान भारत योजना के तहत 2 आयुष्मान कार्ड और 18 आभा आईडी भी बनाई गईं। शिविर में परिवार नियोजन, टीबी उन्मूलन, आरकेएसके और अन्य राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों से संबंधित सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।

 

स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि तीन दिवसीय शिविर का उद्देश्य क्षेत्रीय जनता को एक ही स्थान पर विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है, जिसका पहले दिन बड़ी संख्या में लोगों ने लाभ उठाया।