मतदाता सूची पर कांग्रेस अलर्ट! SIR निगरानी के लिए प्रदेश मुख्यालय में कंट्रोल रूम शुरू
देहरादून।
निर्वाचन आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के बीच उत्तराखंड कांग्रेस ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने राज्यभर में एसआईआर प्रक्रिया की निगरानी के लिए जिला और महानगर स्तर पर 10-सदस्यीय समितियों के गठन के निर्देश दिए हैं। साथ ही देहरादून स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में एसआईआर कंट्रोल रूम का शुभारंभ भी किया गया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के निर्देश पर शुरू की गई इस पहल का उद्घाटन कांग्रेस के महामंत्री (संगठन) राजेंद्र भंडारी ने किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा बड़ी संख्या में मतदाताओं को नोटिस जारी किए जा रहे हैं। ऐसे में कांग्रेस यह सुनिश्चित करेगी कि कोई भी पात्र मतदाता अपने संवैधानिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।
राजेंद्र भंडारी ने बताया कि जिला और महानगर स्तर पर गठित समितियां नोटिस प्राप्त मतदाताओं से संपर्क करेंगी, उन्हें आवश्यक दस्तावेजों और प्रक्रिया की जानकारी देंगी तथा उनकी समस्याओं के समाधान में सहयोग करेंगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश मुख्यालय में स्थापित कंट्रोल रूम पूरे राज्य से मिलने वाली शिकायतों और सूचनाओं का समन्वय करेगा। जरूरत पड़ने पर संबंधित जिलों और निर्वाचन अधिकारियों के समक्ष मामलों को भी उठाया जाएगा।
कांग्रेस ने अपने सभी जिला और महानगर संगठन से एसआईआर अभियान के दौरान सक्रिय रहकर अधिक से अधिक मतदाताओं तक पहुंचने और उन्हें आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने की अपील की है।
कार्यक्रम में प्रदेश महासचिव राजेंद्र शाह, मुख्य प्रवक्ता गरिमा माहरा दसौनी, कंट्रोल रूम प्रभारी राकेश नेगी सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
