CM UTTRAKHANDUttrakhand

17.80 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात, सीएम धामी बोले—’बिना रुके, बिना थके हर वादा पूरा कर रही सरकार’

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मसूरी विधानसभा क्षेत्र के पुरुकुल में 17 करोड़ 80 लाख रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने दावा किया कि राज्य सरकार बिना रुके और बिना थके अपने हर वादे को धरातल पर उतारने का काम कर रही है। कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष स्वर्गीय दीपक पुंडीर की स्मृति में बने सामुदायिक भवन का भी लोकार्पण किया गया।

 

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास के स्वर्णिम दौर की ओर बढ़ रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के साथ प्रदेश को खेल, पर्यटन और एडवेंचर हब के रूप में विकसित किया जा रहा है।

 

धामी ने मसूरी को देश की प्रमुख वेडिंग डेस्टिनेशन बताते हुए कहा कि सरकार यहां के समग्र विकास के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि पुरुकुल में सैन्य धाम का निर्माण, मसूरी रोपवे के लोअर टर्मिनल तक सड़क का उच्चीकरण, जल जीवन मिशन के तहत पेयजल योजनाएं और सड़क संपर्क बेहतर बनाने के लिए कई परियोजनाएं तेजी से चल रही हैं।

 

मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग विकास कार्यों को नजरअंदाज कर केवल झूठ और नकारात्मकता फैलाने में लगे हैं। उनके पास अपनी कोई उपलब्धि नहीं है, इसलिए वे अफवाहों के जरिए जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं।

धामी ने कहा कि राज्य सरकार ने धर्मांतरण विरोधी कानून, समान नागरिक संहिता (यूसीसी), दंगाइयों से सार्वजनिक संपत्ति के नुकसान की भरपाई कराने और नकल विरोधी कानून जैसे सख्त फैसले लागू किए हैं। उन्होंने दावा किया कि पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के जरिए 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है।

 

मुख्यमंत्री ने स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए स्टार्टअप नीति, एक जनपद दो उत्पाद, हाउस ऑफ हिमालयाज, होम स्टे योजना, वेड इन उत्तराखंड और सौर स्वरोजगार योजना जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे हजारों युवा रोजगारदाता बन रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश की बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की कमी आई है और नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्य (SDG) इंडेक्स में उत्तराखंड देश में प्रथम स्थान पर पहुंचा है।

 

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में मसूरी विधानसभा क्षेत्र में सड़क, पेयजल, सामुदायिक भवन और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कार्य तेजी से पूरे किए जा रहे हैं।