Uttrakhand

देहरादून में सजा सम्मान का मंच: अभिनेत्री सुनीता राजवार ने किया ‘ओकल्ट सीरीज़ एवं गुलाबो अवॉर्ड्स 2026’ का शुभारंभ, ‘निरावधी’ काव्य संग्रह का विमोचन

देहरादून | भारत-केसरी न्यूज़

 

देहरादून में कला, साहित्य, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक योगदान को समर्पित ‘ओकल्ट सीरीज़ एवं गुलाबो अवॉर्ड्स 2026’ का भव्य आयोजन हुआ। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि प्रसिद्ध फिल्म अभिनेत्री सुनीता राजवार रहीं, जिन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। इस दौरान ‘निरावधी’ काव्य संग्रह ‘कवि और कविता’ का भी भव्य विमोचन किया गया।

कार्यक्रम में भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट, देहरादून के मेयर सौरभ थपलियाल, भाजपा युवा मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नेहा जोशी, फिक्की फ्लो उत्तराखंड की चेयरपर्सन तृप्ति बहल, ‘नमक वाली’ ब्रांड की संस्थापक शशि सहित कई विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे।

 

समारोह की शुरुआत संगीतमय प्रस्तुतियों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, श्लोक वाचन और काव्य पाठ से हुई। इसके बाद समाज, साहित्य, उद्यमिता और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं एवं प्रेरणादायी व्यक्तित्वों को ओकल्ट सीरीज़ अवॉर्ड्स, गुलाबो अवॉर्ड्स तथा विशेष सम्मानों से नवाजा गया।

 

मुख्य अतिथि सुनीता राजवार ने कहा कि ऐसे सम्मान समारोह समाज में सकारात्मक सोच को बढ़ावा देते हैं और नई पीढ़ी को बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि कला, साहित्य और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में कार्य करने वाले लोगों का सम्मान पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।

आयोजक प्राची चंद्र ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाले व्यक्तित्वों को मंच प्रदान करना और उनके कार्यों को सम्मानित करना है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में यह आयोजन और अधिक व्यापक स्तर पर आयोजित किया जाएगा।

 

कार्यक्रम के संचालन की जिम्मेदारी मोहित शौर्य और श्रीकांत श्री ने निभाई, जबकि आयोजन को सफल बनाने में मयूर कंडवाल, अंकुर भट्ट और सानिया राणा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अंत में सभी सम्मानित अतिथियों, पुरस्कार विजेताओं और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए समारोह का समापन समूह छायाचित्र के साथ हुआ।