देहरादून कैंट में 48 हजार वोटरों के मताधिकार पर संकट! AAP ने निर्वाचन आयोग पर उठाए गंभीर सवाल
देहरादून कैंट विधानसभा की मतदाता सूची को लेकर आम आदमी पार्टी ने बड़ा दावा किया है। पार्टी का आरोप है कि निर्वाचन आयोग की मौजूदा प्रक्रिया के चलते 48 हजार से अधिक मतदाता अपने वोट के अधिकार से वंचित हो सकते हैं। पार्टी ने मतदाता सूची में भारी विसंगतियों का आरोप लगाते हुए तत्काल जांच और सुधार की मांग की है।

आम आदमी पार्टी के देहरादून कैंट विधानसभा प्रभारी एवं प्रदेश कोषाध्यक्ष शरद जैन ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में देहरादून कैंट में कुल 1,37,994 मतदाता थे, जबकि वर्तमान मतदाता सूची में यह संख्या घटकर 89,763 रह गई है।

शरद जैन के मुताबिक, इस हिसाब से 48,231 मतदाता सूची से बाहर दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग ने 29,685 ASD (Absentee, Shifted, Dead) मतदाताओं का भी उल्लेख किया है। यदि इन्हें वर्तमान सूची में जोड़ भी दिया जाए, तो कुल संख्या 1,19,448 ही बनती है, जो वर्ष 2022 की तुलना में 18,546 मतदाता कम है।
AAP का आरोप है कि हजारों मतदाताओं के नाम किस आधार पर हटाए गए, इसकी स्पष्ट जानकारी निर्वाचन आयोग की ओर से नहीं दी जा रही है। पार्टी ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए मतदाता सूची की पारदर्शी समीक्षा और सभी पात्र मतदाताओं के नाम दोबारा सुनिश्चित करने की मांग की है।
“निर्वाचन आयोग इस पूरी प्रक्रिया पर स्पष्टीकरण दे। मतदाता सूची के शुद्धिकरण के नाम पर किसी भी वैध मतदाता का नाम नहीं कटना चाहिए। देहरादून कैंट के प्रत्येक पात्र नागरिक का मताधिकार सुरक्षित रहना चाहिए।”

