उत्तराखंड-राजस्थान मिलकर विकसित करेंगे ‘महाभारत सर्किट’, सतपाल महाराज ने CM भजनलाल शर्मा से की मुलाकात
देहरादून/जयपुर।
भारत केसरी
उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने मंगलवार को जयपुर में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से शिष्टाचार भेंट की। मुलाकात के दौरान दोनों राज्यों के बीच पर्यटन, धार्मिक पर्यटन और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने पर विस्तृत चर्चा हुई।

सतपाल महाराज ने बताया कि महाभारत काल से जुड़े ऐतिहासिक और पौराणिक स्थलों को पर्यटन के रूप में विकसित करने के लिए उत्तराखंड और राजस्थान मिलकर ‘महाभारत सर्किट’ के विस्तार की दिशा में कार्य करेंगे। उनका कहना था कि पांडवों का संबंध दोनों राज्यों से रहा है, इसलिए इस विरासत को पर्यटन से जोड़ने की व्यापक संभावनाएं हैं।
बैठक में राजस्थान के प्रसिद्ध गणगौर उत्सव और माता पार्वती के हिमालय से जुड़े पौराणिक संबंधों पर भी चर्चा हुई। महाराज ने कहा कि माता पार्वती को हिमालय की पुत्री माना जाता है, ऐसे में उत्तराखंड और राजस्थान के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान को और मजबूत किया जाएगा।
दोनों नेताओं ने धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने तथा साझा विरासत को नई पहचान दिलाने पर सहमति जताई
